अनंत न्यूज़ @ गुना। चांचौड़ा थाना पुलिस ने बीती रात गश्त के दौरान राजस्थान से भागकर आए एक लड़का और एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए हैं। इन निदेर्शों का पालन करते हुए, दिनांक 22-23 अक्टूबर 2025 की रात चांचौड़ा थाना पुलिस पूरी मुस्तैदी से गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस को एक लड़का और लड़की एक जगह बैठे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल उनके पास जाकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि लड़के की उम्र 18 साल है, जबकि लड़की की उम्र सिर्फ 14 साल (नाबालिग) है। उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार वालों को बिना बताए घर से भागकर आए हैं। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए, चांचौड़ा पुलिस ने तुरंत दोनों को अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने उनके परिजनों की जानकारी जुटाई और तुरंत राजस्थान के संबंधित थाना पुलिस तथा लड़का-लड़की के परिजनों को उनके चांचौड़ा में पाए जाने की सूचना दी। राजस्थान पुलिस और लड़का-लड़की के परिजन चांचौड़ा थाने पहुंचे। चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा और पुलिस स्टाफ द्वारा दोनों को अग्रिम कार्यवाही हेतु विधिवत राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया। गुना पुलिस की इस सतर्कतापूर्ण और त्वरित कार्रवाई से न केवल नाबालिग लड़की की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि उसके साथ संभावित रूप से घटित होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया।
टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल और संवेदनशील कार्यवाही में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, सउनि राजेश यादव, आरक्षक अमित राजावत, महिला आरक्षक प्रीति तोमर और एनआरएस गोलू की सराहनीय भूमिका रही।
